जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू इन दिनों अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। इसी क्रम में पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के गाढ़ाबासा स्थित माहुलबेड़ा चौक के समीप मुख्य सड़क पर धंसे नाले का लंबे समय से एक बड़े संकट का समाधान आखिरकार शुरू हो गया है।



बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में मुख्य सड़क के किनारे एक बड़ा नाला का हिस्सा भारी बारिश के कारण कई वर्ष पहले धंस गया था। धंसने से आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ था। भारी वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय लोगों ने कई बार इस समस्या को उठाया था, लेकिन समाधान अब तक नहीं मिल पाया था।

इस मुद्दे को भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरज पासवान ने गंभीरता से लेते हुए विधायिका पूर्णिमा दास साहू के समक्ष रखा। समस्या की गंभीरता को समझते हुए विधायक ने इसे प्राथमिकता देते हुए तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

इसी क्रम में आज विधायिका पूर्णिमा दास साहू ने नाले के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य के लिए कुल 9 लाख 71 हजार 950 रुपये की स्वीकृत राशि निर्धारित की गई है। नाले के जीर्णोद्धार होने से न सिर्फ लोगों की दैनिक आवाजाही सुगम होगी बल्कि दुर्घटना की आशंकाएं भी समाप्त होंगी।
शिलान्यास के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में और भी लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी।

विधायिका ने कहा कि उनके लिए जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है, और क्षेत्र के प्रत्येक अधूरे विकास कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

इस दौरान मुख्य रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन यादव, गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरज पासवान, मोहन साहू, सुरेंद्र सिंह, बबलू सिंह, लक्ष्मण बेहरा सहित कई लोग मौजूद थे।
