CHAIBASA : मझगांव के सादमासाई गांव में गुरुवार को हाथियों के हमले में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजू पुरती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, झुंड सुबह उड़ीसा के घाघरबेड़ा थाना क्षेत्र से खेतों में घुसा था। फसलों को बचाने के लिए युवक हाथियों को भगाने पहुंचे, लेकिन अचानक हाथियों ने पलटकर हमला कर दिया। इसी दौरान राजू फिसलकर गिर गया और एक हाथी ने उसे कुचल दिया। मौके पर उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक सप्ताह से 22 हाथियों का झुंड जिसमें दो बच्चे भी शामिल हैं- मझगांव, घाघरबेड़ा और जगन्नाथपुर क्षेत्र में लगातार घूम रहा है, जिससे लोगों में दहशत है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतक परिवार को सहायता राशि की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिए नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है।