राॅंची : राजधानी में ठंड लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर बच्चों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। मौसम में अचानक आए बदलाव के बीच उल्टी, दस्त, बुखार और खांसी-जुकाम के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। रिम्स में पिछले 15 दिनों में सामान्य दिनों से 30 प्रतिशत बीमार बच्चों की संख्या बढ़ी है। रिम्स और सदर अस्पताल के ओपीडी में इन दिनों बड़ी संख्या में ऐसे बच्चे पहुंच रहे हैं, जिन्हें ठंड लगने के कारण पाचन से जुड़ी समस्याएं हो रही हैं। डाक्टरों का कहना है कि ठंड में छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिससे उन्हें इंफेक्शन होने की संभावना अधिक रहती है।

रिम्स के शिशु रोग विशेषज्ञ डा. पीके चौधरी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में उल्टी और डायरिया के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में बच्चों को गर्म रखने के साथ-साथ खानपान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि तापमान गिरने पर शरीर का मेटाबालिज्म धीमा पड़ जाता है और बैक्टीरिया-वाईरस का असर तेजी से होता है। डा० चौधरी के मुताबिक, कई बच्चों में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) की स्थिति भी देखी जा रही है, जो गंभीर हो सकती है।
