रांची : झारखंड को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अगले तीन वर्षों के भीतर राज्य की सभी पंचायतों तक 5जी नेटवर्क पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘डिजिटल झारखंड विजन-2029’ का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीक का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी नागरिक डिजिटल सेवाओं से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने झारखंड डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यों की समीक्षा करते हुए पूरे राज्य के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यापक मैपिंग कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पहले उन क्षेत्रों की पहचान की जाए जहां डिजिटल सुविधाओं की कमी है, ताकि वहां प्राथमिकता के आधार पर नेटवर्क और सेवाओं का विस्तार किया जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने भारतनेट फेज-3, कनेक्टिंग झारखंड और झारनेट 2.0 जैसी परियोजनाओं को राज्य के डिजिटल विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि गांव, कस्बा और शहर—हर क्षेत्र तक मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं की बेहतर उपलब्धता के लिए सशक्त डिजिटल नेटवर्क बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने ई-गवर्नेंस, साइबर सुरक्षा, डेटा प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं के विस्तार की समीक्षा करते हुए प्रत्येक विभाग और जिले में आईटी अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक केवल सरकारी कामकाज को आसान बनाने का माध्यम नहीं, बल्कि पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी शासन की मजबूत नींव है।
