जमशेदपुर : साकची गोलचक्कर पर रविवार की शाम वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लाए जा रहे 100 से अधिक तोतों को जब्त किया है। जब्त किए गए सभी तोते कोलकाता से लाए गए थे, जिन्हें साकची क्षेत्र में सप्लाई करने की योजना थी। वन विभाग को पहले से ही इस तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

ऑटो से हो रही थी तोतों की तस्करी…..
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तोतों को एक पेटी में बंद कर ऑटो के माध्यम से लाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल वन विभाग की टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा…..
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि कोलकाता से और भी तोते शहर में लाए गए हैं। इस जानकारी के बाद वन विभाग ने आरोपियों को साथ लेकर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है, ताकि अन्य तोतों की भी बरामदगी की जा सके।
डीएफओ का बयान…..
मामले को लेकर डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी तोते कोलकाता से लाए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और आगे भी तोतों की बरामदगी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
कानूनी कार्रवाई जारी…..
वन विभाग द्वारा आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

