नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने साफ कर दिया है कि आगामी टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश अपने सभी निर्धारित मुकाबले भारत में ही खेलेगा। बांग्लादेश की ओर से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर मैच दूसरे देश में कराने की मांग की गई थी, लेकिन आईसीसी ने उसे खारिज कर दिया है।
आईसीसी के सूत्रों के मुताबिक, वैश्विक संचालन संस्था की जोखिम मूल्यांकन रिपोर्ट में भारत में किसी भी तरह के विशेष या प्रत्यक्ष खतरे का उल्लेख नहीं किया गया है। इसी आधार पर बांग्लादेश की मांग को स्वीकार नहीं किया गया।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का कहना था कि टीम में मुस्ताफिजुर रहमान को शामिल किए जाने के बाद सुरक्षा जोखिम बढ़ सकता है, लेकिन आईसीसी ने इस तर्क को भी सिरे से नकार दिया। आईसीसी ने स्पष्ट किया कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए किसी भी तरह का खतरा नहीं है।
बताया जा रहा है कि बांग्लादेश को भारत में चार लीग मुकाबले खेलने हैं। सात फरवरी से शुरू होने वाले इस टी-20 विश्व कप में भारत और श्रीलंका संयुक्त मेज़बान हैं। बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है और उसके तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाएंगे।
आईसीसी के इस फैसले से यह साफ हो गया है कि सुरक्षा को लेकर फैल रही आशंकाओं को आधिकारिक तौर पर गलत ठहराया गया है और टूर्नामेंट तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही आयोजित होगा।
