जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कालीयाडीह केनाल से रविवार सुबह एक महिला का नग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान जुगसलाई के आरपी पटेल स्कूल रोड स्थित बंगालीपाड़ा निवासी किरण देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सुबह घर से निकली थीं महिला……
परिजनों के अनुसार, किरण देवी रविवार सुबह करीब चार बजे घर से निकली थीं। उसी दिन कदमा स्थित एक क्लब हाउस में उनके भाई की सगाई का कार्यक्रम भी था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच सोशल मीडिया के माध्यम से केनाल में महिला का शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार के सदस्य पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की।
डॉग स्क्वायड की मदद से जुटाए गए साक्ष्य……
घटना की सूचना पर डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार और परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की सहायता से घटनास्थल की जांच कराई। तलाशी के दौरान महिला की चप्पल और पानी की बोतल बरामद हुई, लेकिन उनके कपड़ों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
बेटे ने जांच की मांग की……
मृतका के बेटे धनश्याम सिंह ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि शनिवार रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना सामने आई। हालांकि परिवार ने फिलहाल किसी पर सीधे तौर पर आरोप नहीं लगाया है।
हत्या या आत्महत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार……
केनाल से महिला का नग्न अवस्था में शव मिलने और कपड़ों का अब तक पता नहीं चलने से स्थानीय लोगों में हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
क्या बोले डीएसपी……
डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार ने बताया कि जुगसलाई की एक महिला का शव केनाल से बरामद हुआ है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
