जमशेदपुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो आज जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध व्यवसायी देवांग गांधी के आवास पर जाकर उनके अपहृत पुत्र कैरव गांधी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान श्री महतो ने परिजनों को ढांढस बंधाया और कैरव गांधी की सकुशल वापसी के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।



सुदेश महतो लगभग 40 मिनट तक गांधी परिवार के साथ रहे और पूरी घटना की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव हरेलाल महतो, नंदू पटेल, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सुदेश महतो ने राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि
“जब राज्य में असुरक्षा का माहौल हो, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे का क्या औचित्य है?”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए लंदन और दावोस जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जा रहे हैं, लेकिन जब राज्य की कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है, तो ऐसे दौरों का कोई लाभ नहीं होगा। खराब सुरक्षा व्यवस्था के बीच निवेशक राज्य में आने से हिचकेंगे।
सुदेश महतो ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रही अपराधिक घटनाओं से व्यवसायी वर्ग और आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और लोग डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधों पर नियंत्रण करना पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है, जिससे सरकार भाग नहीं सकती।
इस अवसर पर सत्यनारायण महतो, सुखबीर सिंह सिरे, अप्पू तिवारी, विमल मौर्य, मंटू शुक्ला, ललित सिंह, चंद्रेश्वर पांडेय, दुर्योधन महतो सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।
