जमशेदपुर/मानगो : आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर मानगो क्षेत्र के वार्ड संख्या–5 में सियासी पारा अपने चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। इसी बीच राहुल कुमार कश्यप ने पार्षद प्रत्याशी के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर चुनावी रणभूमि में जोरदार एंट्री कर ली है। उनके मैदान में उतरते ही वार्ड की राजनीति में नई ऊर्जा और हलचल साफ देखी जा रही है।
दावेदारी के ऐलान के साथ ही राहुल कुमार कश्यप ने यह स्पष्ट कर दिया कि उनका एजेंडा जनसेवा, जनसुविधा और महिला सुरक्षा पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से वार्ड की जमीनी समस्याओं से रूबरू रहे हैं और जनता के दुख-दर्द को भली-भांति समझते हैं।
24×7 हेल्पलाइन और जनसुविधा केंद्र होगा सबसे बड़ा हथियार……
राहुल कुमार कश्यप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे वार्डवासियों के लिए 24×7 हेल्पलाइन सेवा शुरू करेंगे, ताकि कोई भी नागरिक किसी भी समय अपनी समस्या सीधे रख सके। इसके साथ ही उन्होंने जनसुविधा केंद्र खोलने की घोषणा की, जहां से आम लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ, दस्तावेज़ी सहायता और अन्य जरूरी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।
सड़क-नाली से लेकर महिला सुरक्षा तक फोकस…..
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या–5 में सड़क और नाली निर्माण, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, साफ-सफाई और स्वच्छता को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही महिला सुरक्षा, युवाओं के लिए रोजगार व खेल के अवसर, और बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया जाएगा। पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली उनका मूल मंत्र होगा।
“सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम है राजनीति”……
राहुल कुमार कश्यप ने दो टूक कहा कि वे राजनीति को सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानते हैं। उनका उद्देश्य नगर निगम में वार्ड संख्या–5 की आवाज़ बनकर वर्षों से लंबित समस्याओं का स्थायी और ठोस समाधान कराना है।
वार्ड में चर्चा तेज, मुकाबला होगा दिलचस्प……
उनकी दावेदारी के बाद वार्ड में चर्चाओं का बाजार गर्म है। समर्थकों का कहना है कि राहुल कुमार कश्यप जमीनी स्तर से जुड़े, सरल और कर्मठ नेता हैं, जो वार्ड की असली जरूरतों को समझते हैं। चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे अन्य संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियां भी तेज होती दिख रही हैं, जिससे वार्ड–5 का चुनावी मुकाबला बेहद रोचक होने की उम्मीद जताई जा रही है।
