जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक खाली पड़े मकान से दो पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधी खाली मकान में बैठकर लूट, हत्या या किसी अन्य गंभीर वारदात की साजिश रच रहे थे। इसी दौरान मिली सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दोनों को धर दबोचा।

पिस्तौल और गोली बरामद……
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है और मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में एक आरोपी बागबेड़ा का रहने वाला है, जिसके खिलाफ लूट, हत्या और रंगदारी जैसे संगीन मामलों में पहले से कई केस दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड का निवासी है और वह भी पेशेवर अपराधी बताया जा रहा है।
बड़ी वारदात से पहले पुलिस ने तोड़ी साजिश……
प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई, जिससे इलाके में दहशत फैलने से पहले ही हालात काबू में आ गए।
पुलिस आगे की जांच में जुटी…..
फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं और किस घटना को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
