जमशेदपुर : नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल, राखामाइंस के सभागार में वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ, जिससे पूरा सभागार भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण से भर उठा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ स्कूल के संस्थापक श्री मदन मोहन सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. आर. एन. शर्मा, सदस्य तनवीर आलम, पोखारी स्कूल की प्रिंसिपल वाई. ज्योति लक्ष्मी, हल्दीपोखर स्कूल के प्रिंसिपल अवधेश कुमार शर्मा तथा राखामाइंस स्कूल की प्रिंसिपल वाई. मांगा लक्ष्मी मंचासीन रहे। वार्षिकोत्सव समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नृत्य, गीत, नाटक और समूह प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मुख्य अतिथि मदन मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि *वार्षिकोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रतीक है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम होते हैं। नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों को भी समान महत्व देता है। आज के कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास देखकर यह स्पष्ट होता है कि विद्यालय सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में आए नेताजी सुभाष हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधि डॉ. आर. एन. शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि छात्रों की प्रस्तुतियाँ यह दर्शाती हैं कि विद्यालय में शिक्षा का स्तर उच्च है और शिक्षकों का मार्गदर्शन सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से बच्चों का व्यक्तित्व निखरता है।
कार्यक्रम में आए नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के मार्केटिंग हेड तनवीर आलम ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। विद्यालय परिवार इसके लिए बधाई का पात्र है।।पोखारी स्कूल की प्रिंसिपल वाई. ज्योति लक्ष्मी ने कहा कि *आज के युग में शिक्षा के साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं। बच्चों की प्रस्तुतियाँ बहुत ही अनुशासित और प्रभावशाली रहीं।
हल्दीपोखर स्कूल के प्रिंसिपल अवधेश कुमार शर्मा ने कहा कि नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों को मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित कर रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। विद्यालय की प्रिंसिपल वाई. मांगा लक्ष्मी ने कहा कि हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, सृजनशील और संस्कारवान नागरिक बनाना है। वार्षिकोत्सव जैसे कार्यक्रम इसी लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के अंत में विद्यालय के शिक्षक समन्वयक सतीश झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
