जमशेदपुर : मानगो नगर निकाय चुनाव से पहले शहर की सियासत में बड़ा भूचाल आ गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार श्रीवास्तव ने अपनी ही पार्टी पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाते हुए राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. राजकुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आज के दौर में भाजपा में निष्ठावान और वर्षों से जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का कोई सम्मान नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में अब सिद्धांत नहीं, बल्कि “सौदेबाजी” चल रही है।
उन्होंने खुलकर कहा कि संगठन में वैसे पूंजीपतियों को तरजीह दी जा रही है जो संगठन के महामंत्री को महंगी से महंगी घड़ी और फॉर्चूनर जैसी गाड़ी भेंट कर सकें। श्रीवास्तव ने दावा किया कि नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण में पारदर्शिता नहीं रही और टिकट बेचे गए हैं. उनका आरोप यहीं नहीं रुका। उन्होंने कहा कि “कुछ लोगों ने व्यक्तिगत लाभ के लिए पार्टी की विचारधारा तक को बेच दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और त्याग को नजरअंदाज कर दिया गया है।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले इस तरह के बयान भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकते हैं। वहीं पार्टी की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मानगो की सियासत में यह बयान आने वाले दिनों में और गरमाहट ला सकता है। अब देखना होगा कि पार्टी इन गंभीर आरोपों पर क्या रुख अपनाती है।
