RANCHI : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होगा और 19 मार्च तक चलेगा। इस दौरान राज्य की आर्थिक स्थिति और विकास योजनाओं पर चर्चा होगी। 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट सदन में पेश करेंगे। सत्र की शुरुआत 18 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। पहले दिन शोक प्रस्ताव भी लिया जाएगा।
- 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी…
- 20 फरवरी को वर्ष 2025-26 की तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन में रखी जाएगी और सरकार उसका जवाब देगी..
- 23 फरवरी को अनुपूरक बजट पर बहस होगी..
- 24 फरवरी को आम बजट पेश किया जाएगा और 25 फरवरी को बजट पर सामान्य चर्चा होगी..
- 19 मार्च को गैर-सरकारी संकल्प के साथ सत्र का समापन होगा..
इस बार का बजट सत्र कई मायनों में खास होगा। विधानसभा में नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के जरिए डिजिटल और पेपरलेस व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है जिससे सदन की कार्यवाही अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनेगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बजट के जरिए अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देगी। अबुआ आवास योजना, मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना को बजट में प्रमुख रूप से शामिल किए जाने की संभावना है। सरकार इन योजनाओं के माध्यम से जनता को बड़ी सौगात देने की तैयारी कर रही है।
