जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी Nausheen Khan ने चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंक दी है। वार्ड-दर-वार्ड नुक्कड़ सभाओं, जनसंवाद और घर-घर संपर्क अभियान के जरिए उन्होंने चुनावी सरगर्मी को नई ऊंचाई दे दी है। समर्थकों के उत्साह और बड़ी संख्या में जुट रही भीड़ ने जुगसलाई में बदलाव की मजबूत आहट दे दी है।

वार्ड संख्या 9 अंतर्गत अहले हदीस मस्जिद, शमीम फ्लैट के समीप मिल्लत नगर में आयोजित नुक्कड़ सभा में नौशीन खान ने जनसमस्याओं पर खुलकर चर्चा की और मतदाताओं से “बेंच” चुनाव चिह्न पर मतदान करने की अपील की। इसी अवसर पर चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन भी किया गया।
इसके बाद वार्ड संख्या 11 के पानी टंकी, शिव घाट रोड क्षेत्र में आयोजित सभा में स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी देखने को मिली। नौशीन खान ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जुगसलाई का विकास केवल वादा नहीं, हमारा दृढ़ संकल्प है। जनता का साथ मिला तो तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी।”
वार्ड संख्या 1 के गरीब नवाज़ कॉलोनी सब्जी मार्केट, वार्ड 4 के मछली मोहल्ला, वार्ड 9 के मुर्गी चौक तथा वार्ड 7 के हुमा लाइन में आयोजित सभाओं में भी लोगों का उत्साह चरम पर रहा। महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को और धार दी। वहीं वार्ड 4, 5 और 6 के अंतर्गत पुरानी बस्ती रोड पर आयोजित “दियार-ए-हबीब कॉन्फ्रेंस” में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने चुनावी समीकरणों को गर्म कर दिया।

जनसभाओं के दौरान नौशीन खान ने पानी, सड़क, सफाई और मूलभूत सुविधाओं को अपनी प्राथमिकता बताते हुए व्यापारिक वर्ग को भरोसा दिलाया कि नगर परिषद की ओर से कोई नया कर नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने रोजगार सृजन और स्थानीय कारोबार को संरक्षण देने का भी वादा किया।

इस दौरान झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष Hidayatullah Khan भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जुगसलाई के सर्वांगीण विकास के लिए जनता को एकजुट होकर नौशीन खान का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने सामाजिक सौहार्द और जनएकता को क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया।

नुक्कड़ सभाओं के साथ-साथ नौशीन खान ने घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा, “आपकी हर समस्या हमारी जिम्मेदारी है। जनविश्वास मिला तो विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।”
चुनावी माहौल के बीच जुगसलाई में परिवर्तन की लहर तेज होती दिख रही है। बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं और चुनावी मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है।
