जमशेदपुर : पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने विधायक सरयू राय पर तीखा हमला बोलते हुए उनसे बीते 15 महीनों के कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद किन-किन वादों को पूरा किया गया, इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
विकास सिंह ने आरोप लगाया कि अवैध रूप से निर्मित बताए जा रहे ‘लोटस अपार्टमेंट’ के मुद्दे पर यदि आज सवाल उठाए जा रहे हैं तो पिछले 15 महीनों में इस दिशा में क्या कार्रवाई की गई, यह भी स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानगो को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम द्वारा क्षेत्र को नौ भागों में बांटा गया है, लेकिन कई ठेकेदार कथित रूप से विधायक के करीबी बताए जाते हैं। शंकोसाई और एनएच-33 के समीप की बस्तियों में साफ-सफाई की स्थिति पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी समय में ही कुछ नेताओं को भ्रष्टाचार नजर आता है, जबकि पूर्व में कथित अनियमितताओं पर चुप्पी साध ली जाती है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का जिक्र करते हुए विकास सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन बाद में मुख्य मुद्दे पीछे छूट गए।
विकास सिंह ने यह भी कहा कि ‘स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट’ नामक संस्था के ट्रस्टियों के नाम और रिश्तों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि परिवारवाद का विरोध करने वाले नेता स्वयं अपने परिजनों को प्रमुख जिम्मेदारियां देते हैं।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि वे आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से ऊपर उठकर निष्पक्ष प्रत्याशी को समर्थन दें और अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर करें।
