गढ़वा : “पुलिस हमारी सुरक्षा के लिए है” — यह बात हम अक्सर कहते हैं, लेकिन झारखंड के गढ़वा जिले से सामने आई एक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में पुलिस के एक जवान की वर्दी फाड़ते और उनके साथ धक्का-मुक्की करते कुछ लोग नजर आ रहे हैं। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानिए क्या है पूरा मामला?…….
पूरा मामला गढ़वा जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सकेंद्र उरांव नामक व्यक्ति का शव कुएं से बरामद किया गया था। पुलिस ने नियमानुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए थाना ले जाने की प्रक्रिया शुरू की।
इसी दौरान मृतक के परिजन आक्रोशित हो उठे। आरोप है कि इसी बीच स्थिति इतनी बिगड़ गई कि परिजनों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। धक्का-मुक्की में एसआई सुरेंद्र दुबे की वर्दी फट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एक घंटे तक सड़क जाम…….
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने करीब एक घंटे तक खरौंधी राजी पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप और समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रित हुई तथा जाम हटाया गया।
सवालों के घेरे में भीड़ का रवैया……
इस पूरी घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस के साथ इस तरह की बदसलूकी कितनी जायज है? भले ही किसी घटना को लेकर आक्रोश हो, लेकिन कानून को हाथ में लेना और वर्दी का अपमान करना गंभीर मामला माना जाता है. फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
