धनबाद : धनबाद का वासेपुर एक बार फिर गैंगवार की आहट की वजह से चर्चा में है। डॉन फहीम खान के बेटे इकबाल के ड्राइवर पर गोली चलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के कुछ ही घंटों बाद एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुख्यात भगोड़ा अपराधी प्रिंस खान ने फायरिंग की जिम्मेदारी खुद ली है।
प्रिंस खान ने इन लोगों को दी धमकी
वायरल वीडियो में प्रिंस खान ने साफ तौर पर कहा कि वासेपुर में हुई गोलीबारी उसके इशारे पर हुई। उसने गैंगस्टर फहीम खान, उसके बेटे इकबाल और यहां तक कि रिम्स ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टर अनिल प्रकाश या सुनील प्रकाश को भी खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला :
मालूम हो कि शुक्रवार देर रात वासेपुर में नूरी मस्जिद की पुलिया के पास अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में फहीम खान के बेटे इकबाल के ड्राइवर हैदर को गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उसकी हालत को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
सिटी एसपी ऋत्विक ने कहा कि…
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मामले को गंभीर बताया है। उनका कहना है कि पिछले एक साल से गैंगवार काफी हद तक कंट्रोल में था। अगर कोई भगोड़ा अपराधी बाहर बैठकर वीडियो वायरल कर धमकी दे रहा है, तो उसे यह गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए कि वह बच जाएगा। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
दुश्मनी पुरानी, तरीका नया
वासेपुर में गैंगवार कोई नई बात नहीं है। पहले भी कई बार आपसी रंजिश में फायरिंग और हमले होते रहे हैं। लेकिन इस बार वीडियो जारी कर जिम्मेदारी लेना और खुलेआम धमकी देना पुलिस के लिए नई चुनौती बन गया है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
