चतरा। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को चतरा में बड़ी कार्रवाई की। सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे जाल बिछाकर कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम की पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये लेते ही एसीबी की टीम ने राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
