जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में शहर में 300 अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। इन कैमरों को खास तौर पर शहर के प्रमुख इंट्री और एग्जिट रूट पर लगाया जाएगा, ताकि वारदात के बाद भागने वाले अपराधियों के साथ-साथ शहर में प्रवेश करने वाले बाहरी बदमाशों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सके।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और अनुसंधान पदाधिकारियों को पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही नए मामलों में मजबूत और साक्ष्य आधारित चार्जशीट दाखिल करने पर जोर दिया गया, ताकि न्यायालय में प्रभावी पैरवी के जरिए दोषियों को सजा दिलाई जा सके।
खराब CCTV भी होंगे दुरुस्त……
बैठक में बताया गया कि शहर में पहले से लगे सरकारी CCTV कैमरों में करीब चार-पांच कैमरे खराब हैं। इन्हें भी जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। नए कैमरों की मदद से शहर में प्रवेश और बाहर निकलने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की निगरानी को और मजबूत किया जाएगा।
दुर्गापूजा, कर्मा और छठ को लेकर बढ़ेगी गश्त……
आगामी दुर्गापूजा, कर्मा पूजा और छठ को देखते हुए भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है। शहर के सभी इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। सभी थाना क्षेत्रों में बैठक कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षा योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकें।
सड़क हादसों पर भी पुलिस का फोकस…..
मासिक अपराध बैठक में शहर में बढ़ रहे सड़क हादसों पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जल्द ही अलग बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें शहर के लिए नया ट्रैफिक सेफ्टी प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।
दो महीने में 200 किलो गांजा और 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद……
एसएसपी के अनुसार पिछले दो महीनों में नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने करीब 200 किलोग्राम गांजा और 100 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं, कार्रवाई के दौरान 15 अवैध हथियार बरामद किए गए और हथियारों से जुड़े मामलों में 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
7000 शिकायतों में 80 फीसदी का निपटारा……
जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में भी पुलिस की कार्रवाई का आंकड़ा सामने आया। एसएसपी के मुताबिक करीब 7000 लोगों ने एसएसपी कार्यालय और विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें लगभग 80 फीसदी शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। घरेलू विवाद से जुड़े 661 मामलों में से 558 मामलों का समाधान किया गया है. पुलिस का फोकस अब अपराध नियंत्रण के साथ-साथ तकनीकी निगरानी, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, मजबूत अनुसंधान और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर है।
