जमशेदपुर : जोहार जनसेवक पार्टी ने झारखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। पार्टी ने कहा है कि यदि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव के बाद उसे राज्य की सत्ता में आने का अवसर मिलता है, तो झारखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. पार्टी के अनुसार, UCC के माध्यम से नागरिकों के लिए समान नागरिक कानून की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी ने इसे 2029 के लिए अपने प्रमुख राजनीतिक एजेंडों में शामिल करने की बात कही है। सत्ता में आने के बाद इस मुद्दे पर आवश्यक कानूनी एवं संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आगे की कार्रवाई करने की बात कही गई है।

जोहार जनसेवक पार्टी ने यह भी कहा कि समान विचारधारा रखने वाले राजनीतिक दलों के साथ तालमेल बनाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी की ओर से पहले भी 2029 के विधानसभा चुनाव में जनसेना पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना और राजनीतिक सहयोग की बात कही जा चुकी है. पार्टी का कहना है कि झारखंड में संगठन को मजबूत करने के साथ समान विचारधारा वाले दलों के साथ राजनीतिक समन्वय कर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। हालांकि, किसी भी गठबंधन या सीट बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय भविष्य की राजनीतिक परिस्थितियों और संबंधित दलों के बीच सहमति पर निर्भर करेगा।
