जमशेदपुर : नगर निकाय चुनाव को लेकर जुगसलाई का चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्म हो चुका है। इसी क्रम में जुगसलाई क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में युवाओं ने उत्साह और जोश के साथ विशाल बाइक रैली निकाली। रैली का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह कोल्हान विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष (2017-18) रहे नितीश कुशवाहा ने किया।


रैली में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए। हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लिए युवाओं ने पूरे इलाके का भ्रमण किया। इस दौरान “देशहित में वोट”, “विकास और सुशासन” जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। बाइक रैली अनुशासित और व्यवस्थित ढंग से निकाली गई, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। युवाओं ने कहा कि एनडीए सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर उन्हें पूरा भरोसा है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाना जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने भी रैली का स्वागत किया और कई जगहों पर युवाओं का उत्साहवर्धन किया। यह रैली जुगसलाई में एनडीए के प्रति मजबूत जनसमर्थन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक बनकर सामने आई।
