- आदित्यपुर से ख़रीददारी कर कीताडीह का युवक दो युवकों को बेच रहा था, रंगेहाथ दबोचे गए
- बरामद ब्रॉउन शुगर और सामान की कीमत 4 लाख से ज्यादा, रेल थाना को सौंपा गया
जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के आदेश से बुधवार को उड़नदस्ता दल की टीम ने तीन ब्राउन शुगर तस्करों को 28 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया. उक्त ब्रॉउन शुगर का वजन 3.56 ग्राम है. पकड़ाए व्यक्तियों में कीताडीह मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन, बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी का बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी एवं गोलमुरी खालसा क्लब का राहुल कुमार डे है.
मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन उक्त ब्राउन शुगर को आदित्यपुर इलाके से लाकर स्टेशन परिसर में बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी एवं राहुल कुमार डे को बेच रहा था. इसी क्रम में तीनों पकड़े गए. इनके पास से तीन मोबाइल एवं नकद 4330/- रुपए भी बरामद किए गए. यह सारी कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल के ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई है.
पकड़े गए ब्राउन शुगर की कीमत लगभग 356000/- रुपए है. कुल बरामद सामानों की कीमत 420330 रुपए है. टाटानगर स्टेशन में ब्रॉउन शुगर बरामदगी की कार्रवाई लगभग पहली बार की गई है. तीनों को रेल थाना टाटानगर को सुपुर्द कर दिया गया है.
