जमशेदपुर : शहर के व्यस्त इलाकों में से एक मानगो चौक से पुलिया की ओर जाने वाली सड़क पर लापरवाही का खतरनाक नज़ारा सामने आया है। पेट्रोल पंप के पास सड़क के किनारे 4 फीट लंबा, 2 फीट चौड़ा और करीब 6 फीट गहरा गड्ढा लोगों की जान पर बन आया है. हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े और खतरनाक गड्ढे के बावजूद जिम्मेदार विभाग अब तक नींद में है. सैकड़ों वाहन और राहगीर रोज इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर सिर्फ एक प्लास्टिक का डिवाइडर रखकर खानापूर्ति कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता है। खासकर रात के समय या बारिश में यह खतरा और बढ़ जाता है, जब वाहन चालकों को गड्ढा दिखाई भी नहीं देता. लोगों का सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है? अगर समय रहते इस गड्ढे को नहीं भरा गया तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।
