जमशेदपुर : शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के मोदी पार्क के पास शनिवार रात करीब 10 बजे एक युवती के साथ छिनतई की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन युवकों ने चलती ऑटो में बैठी युवती का बैग छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर उसे घसीटते हुए नीचे गिरा दिया।
घटना के संबंध में रीना नामक महिला ने बताया कि युवती ऑटो से साकची से धतकीडीह की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे और उसका बैग छीनने लगे। युवती ने बैग कसकर पकड़ लिया, जिसके कारण बदमाश उसे ऑटो से घसीटते हुए नीचे उतारने लगे।
घटना के दौरान युवती के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों को आता देख तीनों युवक मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतनी भीड़भाड़ वाली जगह पर भी उस समय न तो पुलिस की कोई गाड़ी मौजूद थी और न ही पेट्रोलिंग हो रही थी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए।
