रांची : झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को सटीक बनाने की तैयारी चल रही है। सरकारी अस्पतालों की मॉनिटरिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। राज्य के मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों, अनुमंडल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए हॉस्पिटल मैनेजर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी। यह भर्ती राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत अनुबंध के आधार पर की जाएगी।
हालांकि इससे पहले भी हॉस्पिटल मैनेजर पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन उसमें गड़बड़ी की शिकायतें सामने आने के बाद उसे रद्द कर दिया गया था। अब विभाग ने पूरी प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू करने का फैसला लिया है ताकि पारदर्शी तरीके से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जा सके. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार राज्यभर में कुल 201 हॉस्पिटल मैनेजर के पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक चलेगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आरक्षण व्यवस्था के तहत पदों का वर्गीकरण भी तय किया गया है। कुल 201 पदों में अनारक्षित श्रेणी के 81 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 20 पद, अनुसूचित जनजाति के 52 पद, अनुसूचित जाति के 20 पद, बीसी-वन के 16 पद और बीसी-2 के 12 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए योग्यता भी निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के पास हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हेल्थ केयर में पीजी डिप्लोमा, हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए, या पब्लिक हेल्थ में स्नातकोत्तर डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवारों के पास कम से कम तीन साल का कार्य अनुभव होना चाहिए। साथ ही कंप्यूटर संचालन और हॉस्पिटल मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर की जानकारी भी जरूरी मानी गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह 41 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। विभाग का मानना है कि हॉस्पिटल मैनेजरों की नियुक्ति से अस्पतालों में प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर होगी और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं में भी सुधार आएगा।
इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 181 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसरों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इन पदों पर भर्ती टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर पदों के लिए इच्छुक डॉक्टर 25 मार्च तक टेंडर जमा कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में चयनित चिकित्सकों को अधिकतम तीन लाख रुपये तक का मासिक मानदेय देने का प्रावधान रखा गया है।
