जमशेदपुर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की कदमा शाखा द्वारा “खुशहाल महिला – खुशहाल परिवार” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मबल, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक मूल्यों को जागृत करना था।
इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बी.के. संजू बहन ने कहा कि महिला परिवार की धुरी होती है। जब नारी मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त होती है, तब परिवार में सुख, शांति और प्रेम का वातावरण बनता है। उन्होंने राजयोग ध्यान के माध्यम से आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. रागिनी भूषण, डॉ. नगम्मा, सिम्मी सरकार, डॉ. शालिनी, सुखदीप कौर और वरिष्ठ पत्रकार सह लेखिका अन्नी अमृता सहित कई अतिथियों को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए ब्रह्माकुमारीज के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन राजयोग ध्यान और ईश्वरीय संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम की सफलता में बी.के. पूनम बहन, शोमा बहन, ज्योति बहन, अनीता बहन और पुष्पा बहन सहित अन्य का योगदान रहा।
