जमशेदपुर : ग्रामीण युवाओं को स्टार्टअप की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से एक्सलर्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा राज ब्रदर्स एवं डी फाउंडेशन के सहयोग से एक दिवसीय वेबिनार “स्टार्टअप स्पार्क 3.0” का सफल आयोजन किया गया।



वेबिनार के मुख्य वक्ता एक्सलर्स चैंबर के निदेशक रवि राज ने युवाओं को स्टार्टअप की यात्रा—आइडिया से लेकर सस्टेनेबल ग्रोथ तक—का व्यावहारिक रोडमैप बताया। उन्होंने बिज़नेस आइडिया डेवलपमेंट, फंडिंग के स्रोत, निवेशकों से संवाद, आवश्यक कानूनी व तकनीकी डॉक्यूमेंटेशन तथा ज़ीरो से मार्केटिंग शुरू कर टिकाऊ विकास तक पहुँचने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला।
यह कार्यक्रम स्टार्टअप स्पार्क सीरीज़ का तीसरा सफल संस्करण रहा, इससे पूर्व 1.0 और 2.0 का भी सफल आयोजन हो चुका है। वेबिनार में झारखंड, ओडिशा, बिहार एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से जुड़े युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे प्रेरणादायक व ज्ञानवर्धक बताया।
आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह बताना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे अनेक प्रतिभाशाली युवा हैं, जिनके पास बेहतरीन बिज़नेस आइडिया और उद्यमी सोच है, लेकिन सही मार्गदर्शन और प्लेटफ़ॉर्म के अभाव में वे आगे नहीं बढ़ पाते। “स्टार्टअप स्पार्क 3.0” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ऐसे युवाओं को सही दिशा, ज्ञान और प्रोत्साहन देकर उन्हें अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने का अवसर प्रदान करना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।



