जमशेदपुर : हिन्दू नववर्ष यात्रा के दौरान जहां एक ओर शहर भक्ति और उत्साह में डूबा था, वहीं दूसरी ओर मानगो के डिमना चौक इलाके से बवाल की खबर सामने आई। यात्रा के बीच अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दो जुलूस, दो नेता… और बीच सड़क पर भिड़ंत……
बताया जा रहा है कि मानगो डिमना चौक से हिन्दू संगठनों के अलग-अलग जुलूस निकल रहे थे। एक जुलूस में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे, जबकि दूसरे जुलूस में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय शामिल थे।
इसी दौरान बन्ना गुप्ता के करीबी और कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह मस्तान आगे बढ़ रहे थे, जबकि सरयू राय के भतीजे और जदयू नेता आशुतोष राय पीछे चल रहे थे। चलते-चलते दोनों आमने-सामने आए और अचानक कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी से मारपीट तक पहुंचा मामला…..
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला, वरना मामला और बिगड़ सकता था।
कुछ देर के लिए रुका जुलूस, फिर हुआ सामान्य……
घटना के बाद कुछ समय के लिए जुलूस की रफ्तार थम गई। सूचना मिलते ही विधायक सरयू राय और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मामला शांत कराया जा चुका था। इसके बाद जुलूस फिर से आगे बढ़ने लगा।
भक्ति के बीच दिखा टकराव का रंग……
जहां एक ओर पूरा शहर “जय श्री राम” के नारों से गूंज रहा था, वहीं इस घटना ने माहौल में तनाव का रंग भी घोल दिया। हालांकि समय रहते स्थिति संभाल ली गई, लेकिन यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

फिलहाल माहौल शांत, लेकिन सियासी गर्मी बरकरार…..
फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना के बाद इलाके में सियासी तापमान जरूर बढ़ गया है। लोग इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

