जमशेदपुर : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में बढ़ते जल संकट पर गंभीरता दिखाते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री को एक औपचारिक पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से एम. ई. स्कूल रोड स्थित पानी की टंकी की छत गिरने की घटना की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया है।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने मंत्री से अपील की है कि वे इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि कुछ दिन पूर्व उक्त पानी की टंकी की छत अचानक गिर गई, जिसके कारण क्षेत्र के निवासियों को पेयजल की गंभीर कमी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि यह पानी की टंकी कुछ ही वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई थी, लेकिन अल्प समय में ही इस प्रकार क्षतिग्रस्त होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। ऐसे में आवश्यक है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने पत्र के माध्यम से मंत्री के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें भी रखी हैं।
• ध्वस्त पानी की टंकी की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए।
• आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
• स्थानीय लोगों के लिए तत्काल वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जैसे बोरिंग, मोटर एवं टैंकर के माध्यम से।
• गर्मी को देखते हुए स्थायी समाधान के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इधर जुगसलाई के स्थानीय निवासियों ने भी इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि पानी की कमी से न केवल दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है, बल्कि टंकी की जर्जर स्थिति के कारण किसी बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
हिदायतुल्लाह खान ने इस बात पर जोर दिया है कि जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए तथा उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले में जल्द ही ठोस कदम उठाएगा।
