जमशेदपुर : साकची स्थित सब्जी मंडी में इस वर्ष भी रामनवमी के अवसर पर भव्य विसर्जन जुलूस निकालने की तैयारी जोरों पर है। वीर बजरंग अखाड़ा के बैनर तले आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। अखाड़ा के अध्यक्ष अशोक मंडल, सचिव अनिल कुमार मंडल एवं कोषाध्यक्ष श्रीकांत मंडल ने प्रशासन से जुलूस निकालने की अनुमति एवं लाइसेंस जारी करने का अनुरोध किया है।

आयोजकों ने बताया कि साकची सब्जी मंडी में पिछले लगभग 40 वर्षों से लगातार विभिन्न धार्मिक आयोजन होते आ रहे हैं। यहां अखंड हरि कीर्तन, काली पूजा एवं सावन महोत्सव जैसे कार्यक्रम हर वर्ष धूमधाम से आयोजित किए जाते हैं। खास बात यह है कि इतने लंबे समय में किसी भी प्रकार का विवाद नहीं हुआ है, जिससे क्षेत्र की धार्मिक सौहार्द की परंपरा बनी हुई है।
इस वर्ष रामनवमी विसर्जन जुलूस 28 मार्च 2026 को निकाला जाएगा। जुलूस का रूट टैंक रोड साकची से शुरू होकर गोलचक्कर, महाराणा प्रताप चौक होते हुए सुवर्णरेखा नदी तक जाएगा, जहां दोपहर 2:00 बजे विसर्जन किया जाएगा। वीर बजरंग अखाड़ा की ओर से बताया गया कि यह आयोजन सभी दुकानदारों की आपसी सहमति से किया जा रहा है। साथ ही प्रशासन से शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से जुलूस निकालने हेतु अनुमति प्रदान करने की अपील की गई है।
