सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को साहिबगंज से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय दास (करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बोलबा थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग लड़की की मां ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अजय दास उनकी नाबालिग पुत्री को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले में बोलबा थाना कांड संख्या 23/26, दिनांक 4 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 137(2), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अजय दास को साहिबगंज से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को 8 नवंबर 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।




