जमशेदपुर : नेशनल हो यूथ मीट (NHYM) 2026 को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसे लेकर शनिवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति की महासचिव शांति सिदू ने की।
आगामी 28 एवं 29 नवंबर को बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में 10 प्रमुख सामाजिक एवं शैक्षणिक विषयों पर ओपन स्टेज चर्चा होगी। इनमें पांचवीं अनुसूची, पेसा कानून, हो भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने, उच्च शिक्षा एवं रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण, थर्ड जेंडर की सामाजिक भागीदारी, करियर काउंसलिंग, बाल विवाह एवं अंतरजातीय विवाह तथा सामाजिक संबंधों को मजबूत बनाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
बैठक में मंच, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन, परिवहन, प्रचार-प्रसार, मीडिया प्रबंधन और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। आयोजन को सफल बनाने के लिए सदस्यों को आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं. बैठक में सुरा बिरुली, रवि सावैयाँ, डीबार पूर्ति, प्रभा किरण होनहागा, सरस्वती सावैयाँ, बीना दिग्गी, समीर कुमार कालुंडिया, शिवनाथ बानरा, संजीव बोदरा, राजेश पुरती, जेना सोय, निरल हेम्ब्रम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।




