जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस के समीप मंगलवार को एक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चला रहे बुजुर्ग व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बिष्टुपुर से साईं मंदिर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सर्किट हाउस के पास पहुंचते ही वाहन के आगे के दोनों टायर अचानक फट गए। टायर फटने के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए एक पेड़ से जा भिड़ी, जिसके बाद वाहन वहीं रुक गया।
हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए चालक को वाहन से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टायर फटना मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और संबंधित अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि टायर फटने के पीछे कोई तकनीकी खराबी थी या फिर कोई अन्य कारण जिम्मेदार था. फिलहाल मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



