जमशेदपुर/सरायकेला : शनिवार को कांड्रा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। एक युवती ने अचानक रेलवे ओवरब्रिज से छलांग लगाकर अपनी जिंदगी खत्म करने की कोशिश की — लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बताया जा रहा है कि युवती सीधे नीचे गिरी, लेकिन जहां वह गिरी वहां भारी मात्रा में जमा कोयला डस्ट (कोयले की धूल) उसके लिए “सेफ्टी कुशन” बन गया। इसी ने उसकी जान बचा ली और एक बड़ा हादसा टल गया।

चश्मदीदों की जुबानी…….
घटना के वक्त मौजूद लोग ये नजारा देखकर सन्न रह गए। किसी को समझ नहीं आया कि अचानक क्या हुआ। लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों ने इंसानियत की मिसाल पेश की — बिना देर किए एक ऑटो की व्यवस्था की और घायल युवती को तुरंत थाने पहुंचाया।
हालत क्या है?……
युवती को अंदरूनी चोटें आई हैं और वह बुरी तरह सहमी हुई बताई जा रही है। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पहचान बनी पहेली……
जब पुलिस ने युवती से नाम-पता पूछना चाहा, तो उसने चुप्पी साध ली। वह किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर रही है। शुरुआती तौर पर वह मानसिक तनाव में नजर आ रही है।
पुलिस ने कहा….
कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ने कहा: “फिलहाल हमारी प्राथमिकता युवती का इलाज है। वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। एक टीम उसके परिजनों की तलाश में जुटी है। पहचान होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।”
आखिर किस वजह से युवती ने इतना खौफनाक कदम उठाया?
क्या यह मानसिक तनाव का मामला है या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है?
