जमशेदपुर : रामनवमी महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जमशेदपुर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के अध्यक्ष अरुण सिंह के नेतृत्व में शहर की प्रमुख अखाड़ा समितियों के पदाधिकारियों ने उपायुक्त से मुलाकात कर आयोजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के बाद अध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि इस वर्ष शहर में करीब 190 स्थानों पर रामनवमी महोत्सव का आयोजन होगा। इसके अलावा 16 स्थानों पर वसंती दुर्गा पूजा तथा दोमुहानी घाट (सोनारी) और स्वर्णरेखा घाट (साकची) में चैती छठ महापर्व का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 28 मार्च को शहर के 12 विसर्जन घाटों पर अखाड़ों का विसर्जन किया जाएगा।
समिति के संरक्षक एवं बाल मंदिर अखाड़ा के प्रमुख सुमन अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन और अखाड़ा समितियों के बीच पहले से बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी अखाड़ा समितियां सरकारी नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और भव्य आयोजन सुनिश्चित करेंगी।
वहीं, कार्यकारी अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी ने श्रमिक एकता बजरंग अखाड़ा पाड़ी के पूजन स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग उठाई, ताकि वहां सुचारू रूप से पूजा-अर्चना हो सके। साथ ही समिति ने उपायुक्त से विसर्जन घाटों की बेहतर व्यवस्था, छठ महापर्व के दौरान नदी घाटों की साफ-सफाई तथा जलस्तर बनाए रखने के लिए डैम से पानी छोड़े जाने की मांग की।
समिति ने शहर में सड़कों के ऊपर फैले बिजली तारों के जाल को हटाने तथा मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग और निर्माण सामग्री से होने वाली बाधा को दूर करने की भी मांग की, ताकि रामनवमी जुलूस एवं विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी, महासचिव प्रवीण सेठी, सचिव विजय तिवारी, कोषाध्यक्ष दिलजय बोस, विहिप अध्यक्ष अजय गुप्ता, बंटी सिंह (जंबो अखाड़ा) एवं अजीत सिंह (तरुण संघ अखाड़ा) समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
