जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के थीम पार्क गेट के पास बीते दिन बिरसानगर संडे मार्केट निवासी आदर्श सिंह पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया था। हमले में आदर्श बुरी तरह लहूलुहान हो गया था और अब उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो आरोपियों अब्दुल मारूफ और अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर ली गई है. हालांकि, इस खौफनाक वारदात का मुख्य आरोपी अयान अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

कमर में छिपाकर लाया था चापड़……
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। CCTV फुटेज में साफ दिखा कि आरोपी अयान अपनी कमर में चापड़ छिपाकर मौके पर पहुंचा और सीधे आदर्श पर हमला बोल दिया. इस वारदात की जड़ में प्रेम-प्रसंग और आपसी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि पहले एक युवती और आदर्श के बीच संबंध थे, बाद में विवाद हुआ और युवती की नजदीकी अयान से बढ़ गई।
जब यह बात आदर्श ने युवती के परिवार को बताई, तो विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पहले आदर्श को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई और फिर साजिश के तहत हमला कर दिया गया।
टीएमएच में जिंदगी की जंग…..
गंभीर रूप से घायल आदर्श का टीएमएच में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी गर्दन का जटिल ऑपरेशन किया है और फिलहाल उसे ICU में रखा गया है। हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. आदर्श के पिता संजय सिंह के बयान पर टेल्को थाने में अयान, अब्दुल मारूफ, फरदीन, युवराज, अभिनव पॉल, एक युवती समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
