चांडिल/जमशेदपुर : एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। चांडिल चौक के समीप देर रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक मामूली रूप से घायल होकर बच गया. मिली जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह बजरंग चौक निवासी अमन कुमार, विकास रजक और उनके दोस्त कैप्टन शर्मा रविवार देर रात अमन का जन्मदिन मनाने के लिए मंदिर जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और बाइक कैप्टन शर्मा चला रहे थे।



बताया जाता है कि जैसे ही वे चांडिल चौक के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए MGM अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमन कुमार और विकास रजक को मृत घोषित कर दिया, जबकि कैप्टन शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि मृतक अमन कुमार ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े थे, जबकि विकास रजक एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
एक पल की रफ्तार ने छीन ली दो जिंदगियां — पीछे छोड़ गया आंसू, सवाल और अधूरी यादें।



