जमशेदपुर : शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी पूरी हो चुकी है। बर्मामाइंस के केरेज कॉलोनी स्थित गैस गोदाम और दो लकड़ी टाल पर जल्द ही रेलवे का बुलडोजर चल सकता है। इसके साथ ही जुगसलाई के गुदड़ी बाजार में भी एक दुकान पर कार्रवाई तय मानी जा रही है. टाटानगर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने अतिक्रमण हटाने के लिए कमर कस ली है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए रेलवे ने जिला प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा है। सूत्रों के मुताबिक, दो से तीन दिनों के भीतर संबंधित लोगों को अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा।

रेलवे की इस सख्त कार्रवाई के दायरे में करीब 350 से अधिक मकान और दुकानें हैं, जिन पर अतिक्रमण का आरोप है। हालांकि, प्रशासन की सख्ती को देखते हुए 40 से 50 लोगों ने पहले ही जमीन खाली कर दी है, लेकिन बाकी लोगों पर अब बुलडोजर की तलवार लटक रही है. इलाके में इस खबर से हड़कंप मच गया है। कई परिवारों और कारोबारियों के सामने अब उजड़ने का खतरा मंडरा रहा है।
