जादूगोड़ा | लोकतंत्र सवेरा : जादूगोड़ा क्षेत्र के यूसिल कॉलोनी मार्केट इन दिनों सुर्खियों में है। वजह—एक स्थानीय व्यापारी और कथित बड़े ठेकेदार के बीच करोड़ों के संदिग्ध लेनदेन की चर्चाएं, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. सूत्रों के मुताबिक, इस व्यापारी का नाम एक प्रभावशाली ठेकेदार (अग्रवाल) से जोड़ा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि दोनों के बीच बड़े पैमाने पर पैसों का लेनदेन हुआ है, जिसमें हवाला के जरिए काले धन को सफेद करने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बैंक खातों में रोज लाखों की एंट्री?……
जानकारी यह भी मिल रही है कि जादूगोड़ा स्थित Bank of Baroda शाखा के खातों के माध्यम से प्रतिदिन लाखों रुपये जमा किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, संबंधित व्यक्ति के पास बड़ी संख्या में डेबिट और क्रेडिट कार्ड होने की भी चर्चा है, जिनका उपयोग कथित तौर पर इस पूरे ‘मनी सर्कुलेशन’ में किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने उठाई जांच की मांग…….
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष Satya Tiwari ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि,
“यदि इन आरोपों में सच्चाई है, तो यह एक बड़ा आर्थिक घोटाला हो सकता है। प्रशासन को तुरंत निष्पक्ष और गहन जांच करनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
बैंक मैनेजर का बयान—‘मार्च क्लोजिंग का असर’…….
वहीं बैंक की ओर से शाखा प्रबंधक राहुल प्रसाद ने सफाई देते हुए कहा कि मार्च क्लोजिंग के चलते लेनदेन का दबाव बढ़ जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को चिन्हित कर नियमानुसार जांच की जाएगी।
सच्चाई क्या है? जांच के बाद ही होगा खुलासा…….
फिलहाल यह पूरा मामला आरोपों और चर्चाओं तक सीमित है। लेकिन जिस तरह से हवाला, बड़े लेनदेन और बैंकिंग गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उससे यह साफ है कि अगर निष्पक्ष जांच होती है, तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं. अब सबकी नजर प्रशासन पर है—क्या होगा इस ‘मनी मिस्ट्री’ का सच?
📞 अतुल खोसला की प्रतिक्रिया
अतुल खोसला ने दी प्रतिक्रिया जब इस पूरे मामले में Atul Khosla से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने सभी आरोपों से किनारा करते हुए कहा, “ऐसी कोई बात नहीं है, हम कुछ नहीं जानते,” और इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।
