जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर सामुदायिक भवन में मंगलवार देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रामनवमी के दिन हुए विवाद ने अब हिंसक रूप ले लिया है। घटना में बस्ती निवासी नंदू लोहार और सन्नी पुष्टि गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों द्वारा दोनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया, जहां सन्नी पुष्टि की स्थिति नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार सन्नी के दोनों हाथों में गोली लगी है, जबकि नंदू लोहार पर धारदार हथियार से हमला किया गया है. सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय-1 भोला प्रसाद तथा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा गोलियां बरामद की हैं।

परिजनों ने बस्ती के ही करण यादव, चंदन यादव, शुरू भुइयां, आजाद भुइयां, पाल भुइयां और संजय समेत अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार रामनवमी के दिन आरोपियों द्वारा नंदू और सन्नी के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत सीतारामडेरा थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी. बताया जाता है कि मंगलवार रात नंदू लोहार लहूलुहान अवस्था में भागते हुए घर पहुंचा और घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि घटना के बाद कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस पुराने विवाद के पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस द्वारा स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
