जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला का “कसूर” सिर्फ इतना था कि उसने एक भूखे स्ट्रीट डॉग को खाना खिला दिया। लेकिन यह छोटी सी मानवीय पहल पड़ोसी को नागवार गुजरी और उसने महिला पर बेरहमी से हमला कर दिया।


घटना के अनुसार, महिला रोजाना की तरह अपने घर के बाहर एक आवारा कुत्ते को खाना खिला रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति वहां पहुंचा और इस बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने आपा खोते हुए महिला पर हाथ उठा दिया। आरोप है कि उसने महिला को लात-घूंसे से जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे और किसी तरह बीच-बचाव कर महिला को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर जहां पशु प्रेम और मानवता की बात की जाती है, वहीं इस तरह की घटनाएं समाज के गिरते स्तर को दर्शाती हैं। लोगों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
