जमशेदपुर : नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में 13 एवं 14 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक समावेशन, समानता एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।


कार्यक्रम के प्रथम दिन 13 अप्रैल को वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में बीटेक के छात्र तौहीद खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पायल शीत द्वितीय एवं जीगिशा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विभा महतो ने प्रथम तथा जीगिशा कुमारी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन 14 अप्रैल को मुख्य अतिथि स्वावलंबी झारखंड मिक्रोवेल्फेयर डेवेलपमेंट सेंटर के प्रंबधक निर्देशक मनोज कुमार सिंह द्वारा एक प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता के समय थे। उन्होंने हमें समानता, न्याय और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया है, जिसे युवाओं को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने संदेश में कहा, डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज को एक नई दिशा दी। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए समावेशी समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करना चाहिए।
वहीं कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने कहा, अंबेडकर जयंती केवल एक स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि यह आत्ममंथन का भी समय है। विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को समझकर उन्हें व्यवहार में लाना चाहिए, तभी राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।
कार्यक्रम को विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह और प्रशासनिक विभाग के अधिष्ठाता प्रो. नाजिम खान ने भी संबोधित किया और अपने वक्तव्य के दौरान वर्त्तमान समय में बाबासाहेब के विचारों और कार्य पद्धतियों की आवश्यकताओं को रेखांकित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों और विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विजेताओं को पुरस्कृत एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
राजनीति विज्ञान विभाग ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह दो दिवसीय आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
