बिहार/सारण : सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। सैदपुर गांव के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।



पुलिस के अनुसार, ऑटो में सवार सभी लोग एक धार्मिक कार्यक्रम से लौटकर अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
हादसे में झौवा बसंत गांव निवासी 48 वर्षीय लालझरी देवी, 17 वर्षीय बृजमोहन मांझी उर्फ सुखन सुकन तथा 60 वर्षीय शंकर राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घायलों में सुमित्रा देवी, विरेन्द्र मांझी, रिया कुमारी और लालमुनी देवी शामिल हैं। सभी को स्थानीय लोगों की सहायता से दिघवारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल….
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती हैं। प्रशासन द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों के बावजूद हादसों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है, जिससे आमजन में चिंता व्याप्त है।
