जमशेदपुर : शहर के साकची थाना क्षेत्र में मंगलवार को ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। साधु के वेश में आए दो शातिर अपराधियों ने बेटे पर संकट का डर दिखाकर एक महिला से गहने ठग लिए और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सतर्कता को लेकर चिंता बढ़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलमुरी केबुल टाउन निवासी मंजू देवी खरीदारी के लिए साकची आई थीं। बसंत सिनेमा के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोका और स्वयं को साधु बताते हुए बातचीत शुरू की।



भरोसा जीतकर रची साजिश…..
आरोपियों ने पहले महिला से पानी मांगा, जिससे उन्होंने विश्वास कायम किया। इसके बाद उन्होंने महिला को यह कहकर भयभीत किया कि उसके बेटे पर गंभीर संकट मंडरा रहा है और उससे बचने के लिए विशेष पूजा आवश्यक है। बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला उनकी बातों में आ गई।
पूजा के बहाने उतरवाए गहने…..
आरोपियों ने पूजा कराने के नाम पर महिला से उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए और कुछ ही देर में वापस करने का आश्वासन दिया। हालांकि, गहने मिलते ही दोनों मौके से फरार हो गए। काफी देर इंतजार के बाद जब वे वापस नहीं लौटे, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस में शिकायत, जांच शुरू…..
घटना के बाद पीड़िता ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि अंधविश्वास का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की अपील…….
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों पर आसानी से भरोसा न करें और किसी भी प्रकार के झांसे या अंधविश्वास में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है।
