कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। राजधानी कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की पिटाई के बाद मौत हो गई, जबकि बीरभूम जिले में टीएमसी नेता अबीर शेख की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इन घटनाओं के बाद राज्य में तनाव का माहौल बना हुआ है।



पुलिस के अनुसार, न्यू टाउन में भाजपा के विजय जुलूस के दौरान कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मधु मंडल पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भाजपा समर्थकों ने भी कई स्थानों पर टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की।
बढ़ती हिंसा को देखते हुए हालात पर काबू पाने के लिए कई संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। वहीं बीरभूम जिले में टीएमसी नेता अबीर शेख की निर्मम हत्या से हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है।
टीएमसी विधायक विधान माजी ने आरोप लगाया है कि यह हमला भाजपा समर्थकों द्वारा किया गया, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने राज्य प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस बीच कोलकाता के टॉलीगंज, कासबा और पानीहाटी समेत कई इलाकों में टीएमसी कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। टीएमसी का आरोप है कि न्यू मार्केट क्षेत्र में भाजपा समर्थकों ने केंद्रीय बलों की मौजूदगी में कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया. चुनाव के बाद बढ़ती हिंसा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं प्रशासन हालात को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
