जमशेदपुर : शहर में दहशत फैलाने और बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे कुख्यात मनिष सिंह गिरोह के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जुगसलाई पुलिस ने गिरोह के सक्रिय सदस्य शेंकी गोहील को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। आरोपी के पास से कई अहम दस्तावेज, मोबाइल फोन, एक महिंद्रा थार वाहन और 15 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक बरामद किए गए हैं।



बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घाघीडीह जेल में बंद कुख्यात अपराधी मनिष सिंह अपने सहयोगियों के जरिए शहर में अवैध उगाही, दहशत फैलाने और हत्या की साजिश रच रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई शुरू की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित न्यू डीएस फ्लैट से शेंकी गोहील को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मनिष सिंह गिरोह का अहम सदस्य है और गिरोह की आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार शेंकी गोहील गिरोह की अवैध कमाई का हिसाब-किताब भी संभालता था. पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह किसी बड़ी हत्या की साजिश पर काम कर रहा था। हालांकि पुलिस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि हत्या की योजना किसे निशाना बनाकर बनाई जा रही थी। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
15 ब्लैंक चेक समेत कई सामान बरामद……
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो एकरारनामा, एक महिंद्रा थार वाहन और 15 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक बरामद किए हैं। बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस गिरोह के आर्थिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
गौरतलब है कि इस मामले में गिरोह के सरगना मनिष सिंह समेत दीपक सिंह और रौशन सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं गिरफ्तार शेंकी गोहील का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
