जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। गुरुवार को सरायकेला की एसपी निधि द्विवेदी ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।



गिरफ्तार आरोपियों में सिनी निवासी महाराजा अली, कपाली बंधुगोड़ा निवासी असगर अली तथा आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती निवासी शबनम परवीन शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर, दो बाइक, तीन मोबाइल फोन और वजन मापने वाला इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किया है।
किराए के मकान में चल रहा था ड्रग्स का धंधा…..
एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि सिनी निवासी महाराजा अली इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह आरआईटी थाना के एक मामले में वांछित भी चल रहा था।
कपाली से लेकर जमशेदपुर तक फैला था नेटवर्क……
पूछताछ में पुलिस को ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और कपाली सहित जमशेदपुर के कई इलाकों में ब्राउन शुगर की सप्लाई करते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी 180 से 200 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से ब्राउन शुगर बेचते थे। गिरोह के सदस्य इलाके में घूम-घूमकर नशे की पुड़िया सप्लाई करते थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर आखिर कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन बड़े सप्लायर जुड़े हैं।
ड्रग्स नेटवर्क के बड़े खिलाड़ियों की तलाश तेज……
पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लायरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गुरुवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
