जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो पुल पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 25 वर्षीय एक युवती ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना कपाली ओपी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से युवती की जान बच गई।



घटना के बाद युवती को सुरक्षित अवस्था में कपाली ओपी लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती कुछ देर तक पुल पर अकेली खड़ी थी और अचानक नदी में कूद गई। हालांकि उसने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका स्पष्ट खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और युवती के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
