गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र स्थित इसरी बाजार में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक बाजार में मौत बनकर घुस गया और कई वाहनों व राहगीरों को रौंद डाला। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

बाजार में घुसा बेकाबू ट्रक, मची अफरातफरी…..
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक काफी तेज रफ्तार में था। इसरी बाजार पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे भीड़भाड़ वाले बाजार में घुस गया। ट्रक ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मारते हुए राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कई बाइक, ऑटो और अन्य वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय बाजार में भारी भीड़ थी, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए।
राहत-बचाव में जुटी पुलिस और स्थानीय लोग…..
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर घटनास्थल को खाली कराया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में तनाव….
भीषण हादसे के बाद इसरी बाजार और आसपास के इलाकों में गम और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक की भूमिका की भी गहन जांच की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही पर रोक लगाने और सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
