जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु में शनिवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आए पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला की मां भी हमले में घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।



मिली जानकारी के अनुसार, बागुनहातु निवासी रवि सिंह और उसकी पत्नी रेशमा सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान रवि सिंह ने घर में रखा चाकू उठाकर पत्नी रेशमा सिंह पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रेशमा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
चीख-पुकार सुनकर रेशमा की मां सुनीता कालिंदी मौके पर पहुंचीं और बेटी को बचाने का प्रयास करने लगीं। आरोप है कि इस दौरान रवि सिंह ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की, जिससे वह भी घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
इधर, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी ली। स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इससे पहले भी रवि सिंह पर पत्नी के साथ मारपीट के आरोप लग चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।